देहरादून ,
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं। राष्ट्रपति के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा देहरादून स्थित राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुईं, जहां वे आज शाम विश्राम करेंगी।
जन्मदिन पर कार्यक्रम
बताया गया है कि राष्ट्रपति मुर्मू कल अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रपति भवन में शुभकामनाएं स्वीकार करेंगी। इस दौरान कुछ विशिष्ट अतिथियों की भी उपस्थिति संभावित है।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रहेंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दौरान देहरादून के राजपुर रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन करेंगी। साथ ही, नैनीताल नगर की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष टिकट का विमोचन भी करेंगी।
इसके अलावा वे विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी।
21 जून को दिल्ली वापसी
राष्ट्रपति का यह दौरा 21 जून तक चलेगा, जिसके बाद वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।