देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को “मोदी सरकार के 11 वर्ष – संकल्प से सिद्धि तक” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल रूप से भाग लेकर संबोधन दिया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के नेतृत्व को ऐतिहासिक, परिवर्तनकारी और जनकल्याणकारी बताया।
प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों को बताया “परिवर्तन का कालखंड”
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 स्वर्णिम वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इन वर्षों को भारत के आत्मगौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीयता की भावना के पुनर्जागरण का कालखंड बताया।
उन्होंने कहा कि 2014 से शुरू हुई यह यात्रा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र पर आधारित रही है, जिसने देश को वैश्विक मंचों पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
आतंरिक सुरक्षा से लेकर वैश्विक पहचान तक
सीएम धामी ने कहा कि 2014 से पहले भारत आतंकी हमलों से जूझ रहा था, लेकिन अब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, और हालिया ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह आत्मरक्षा में सक्षम और सजग है।
उन्होंने कहा कि आज भारत 80% से अधिक स्वदेशी रक्षा संसाधनों का उपयोग कर रहा है और 85 देशों में निर्यात भी कर रहा है।
आर्थिक और तकनीकी उन्नति
धामी ने भारत की 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था बनने पर गर्व जताते हुए कहा कि मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं ने भारत को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।
ऐतिहासिक निर्णयों का किया उल्लेख
सीएम धामी ने बीते 11 वर्षों में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों को भी रेखांकित किया, जिनमें प्रमुख हैं:
-
अनुच्छेद 370 की समाप्ति
-
भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण
-
ट्रिपल तलाक पर प्रतिबंध
-
नारी शक्ति वंदन अधिनियम
-
नई संसद और भारत मंडपम का निर्माण
उत्तराखंड में विकास की बयार
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में राज्य में दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल, ऑल वेदर रोड, और केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
विज्ञान व तकनीकी उपलब्धियां
सीएम ने कहा कि भारत ने बीते वर्षों में कोरोना वैक्सीन निर्माण, चंद्रयान-3, आदित्य एल1, और गगनयान मिशन जैसी वैज्ञानिक उपलब्धियों से विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह यात्रा और भी नई ऊंचाइयों को छूएगी।
