देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पत्रकारों के लिए विशेष मेडिकल कैम्प शीघ्र आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का एक सशक्त स्तंभ हैं, जो हर परिस्थिति में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं, इसलिए उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
सूचना विभाग परिसर में लगेगा मेडिकल कैम्प
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कैम्प जल्द ही सूचना विभाग परिसर में आयोजित किया जाएगा।
सभी जरूरी स्वास्थ्य जांचें होंगी उपलब्ध
स्वास्थ्य सचिव ने निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना को इस संबंध में तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
मेडिकल कैम्प में—
-
चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
-
स्वास्थ्य जांचें और परामर्श सेवाएं मुफ्त में उपलब्ध होंगी।
-
पत्रकारों को समुचित इलाज और फॉलो-अप सलाह भी दी जाएगी।
भविष्य में नियमित होंगे ऐसे कैम्प
मुख्यमंत्री धामी ने आश्वस्त किया कि यह एक सतत प्रक्रिया का हिस्सा होगा और भविष्य में भी समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि पत्रकारों को निरंतर स्वास्थ्य लाभ मिलता रहे।
