कल खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह – uttarakhandawaaz.in

कल खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

चमोली ,

हेमकुंड साहिब की वार्षिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह का माहौल है। पवित्र धाम के कपाट कल, 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर आज शनिवार को पंज प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का जत्था गोविंदघाट से घांघरिया के लिए रवाना होगा। रवाना होते समय बैंड-बाजों की मधुर धुन और धार्मिक उल्लास से माहौल भक्तिमय हो उठा।

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शनिवार सुबह साढ़े सात बजे गुरुद्वारे में अखंड पाठ, उसके बाद 15 मिनट का शबद कीर्तन और 7:50 बजे अरदास आयोजित की जाएगी। इसके बाद आठ बजे यात्रा आरंभ का हुकमनामा लिया जाएगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को सरोपे पहनाकर रवाना किया जाएगा।

गुरुद्वारा प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि पहले दिन के लिए चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। शुक्रवार को ही 500 से अधिक श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं, और अब तक कुल मिलाकर तीन हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा क्षेत्र में पहुंच चुके हैं।

श्रद्धालु शनिवार की रात घांघरिया में विश्राम करेंगे, और रविवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट खोले जाएंगे।

इस पूरे धार्मिक आयोजन में प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *