देहरादून ,
उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर बड़ा कदम उठाया है। राज्यपाल की अनुमति प्राप्त होने के बाद बुधवार को शासन ने खेल विश्वविद्यालय अधिनियम की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की स्थापना का कानूनी रास्ता साफ हो गया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आगामी 29 अगस्त को विश्वविद्यालय का शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। शिलान्यास कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं।
📍 विश्वविद्यालय का स्थान:
यह विश्वविद्यालय हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा, जहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैम्पस विकसित किया जाएगा।
🌟 खिलाड़ियों को होंगे ये प्रमुख लाभ:
-
अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर
-
खेल के साथ-साथ उच्च शिक्षा की सुविधा से समग्र विकास
-
खेल विज्ञान, कोचिंग, प्रबंधन एवं संबंधित विषयों में अध्ययन और शोध के अवसर
-
आधुनिक खेल सुविधाओं के निर्माण से खेल संस्कृति को बढ़ावा
-
खेल क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “विश्वविद्यालय की स्थापना से न केवल खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि राज्य में खेल विज्ञान एवं तकनीकी शोध को भी गति मिलेगी। सरकार का लक्ष्य इसे जल्द से जल्द क्रियान्वित कर खिलाड़ियों को लाभांवित करना है।”
📑 अधिनियम के अधिसूचित होने का महत्व:
इस अधिनियम से विश्वविद्यालय को कानूनी, शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचा मिला है, जिससे इसके निर्माण, संचालन और पाठ्यक्रम विकास की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ेगी।