567 डॉक्टर रखेंगे तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य का ख्याल: डॉ. धन सिंह रावत – uttarakhandawaaz.in

567 डॉक्टर रखेंगे तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य का ख्याल: डॉ. धन सिंह रावत

चारधाम यात्रा में 800 से अधिक पैरामेडिकल स्टाफ तैनात, केंद्र ने भेजा विशेषज्ञ चिकित्सकों का दल

देहरादून, 
चारधाम यात्रा 2025 को सुरक्षित और स्वास्थ्यप्रद बनाने हेतु उत्तराखंड सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी दी कि इस बार यात्रा मार्गों पर 567 चिकित्सकों और 800 से अधिक पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है, जिनमें विशेषज्ञ डॉक्टर भी शामिल हैं।

डॉ. रावत ने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में 49 स्थायी और 20 अस्थायी चिकित्सा इकाइयों पर डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई गई है। इन इकाइयों में फिजिशियन, सर्जन, ऑर्थो सर्जन, निश्चेतक और स्त्री रोग विशेषज्ञों सहित कुल 31 विशेषज्ञ तैनात हैं। वहीं, यात्राकाल में 25 अस्थायी चिकित्सा इकाइयों में हर 15 दिन पर 336 डॉक्टर और 420 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी।

राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने एम्स दिल्ली, कल्याणी, गोरखपुर और JIPMER पांडिचेरी से 13 विशेषज्ञ डॉक्टरों का पहला दल भेजा है, जो तीनों जिलों में सेवाएं दे रहा है। साथ ही, राज्य स्तर पर 47 और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है, जिनमें 24 फिजिशियन और 23 हड्डी रोग विशेषज्ञ होंगे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए 57 स्क्रीनिंग कियोस्क स्थापित किए गए हैं और 50 टैबलेट्स से डिजिटल निगरानी की जा रही है। एम्स ऋषिकेश की ओर से एयर एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, होटलों, लॉजों और खच्चर संचालकों को नजदीकी चिकित्सा सहायता केंद्रों की जानकारी देने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार यात्रियों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *