देहरादून को जल्द मिलेगी स्मार्ट ऑटोमेटेड पार्किंग की सौगात, ट्रायल अंतिम चरण में

देहरादून  ,

स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत देहरादून शहर में बन रही अत्याधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधाएं अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी श्री सविन बंसल के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप तिब्बती मार्केट, परेड ग्राउंड और कोरोनेशन अस्पताल परिसर में निर्मित तीन ऑटोमेटेड पार्किंग स्थलों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा इनका लोकार्पण किया जाएगा।

इन पार्किंग सुविधाओं के संचालन से न केवल पार्किंग की पुरानी समस्या का समाधान होगा, बल्कि आमजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से उन्नत पार्किंग सेवा भी प्राप्त होगी। इन स्थानों पर हो रहे ट्रायल युद्धस्तर पर जारी हैं ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खामी को लोकार्पण से पूर्व दूर किया जा सके।

जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल से शहर हो रहा आधुनिक

डीएम सविन बंसल की यह पहल शहर को आधुनिकता की ओर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। जहां एक ओर कोरोनेशन अस्पताल परिसर को स्मार्ट सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य वाणिज्यिक क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए यह पार्किंग प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा।

ऑटोमेटेड पार्किंग व्यवस्था की खास बात यह है कि यह कम स्थान में अधिक वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क करने की सुविधा देती है, जो बढ़ते शहरीकरण और वाहनों की संख्या को देखते हुए अत्यंत आवश्यक बन चुकी है।

यह परियोजना न केवल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि देहरादून को स्मार्ट सिटी की दिशा में और एक कदम आगे ले जाएगी।

– कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *