प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने की पत्रकारों से वार्ता
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में भाजपा नेताओं द्वारा भूमि खरीद फरोख्त घोटाला, फिर बद्रीनाथ में मंदिर के पौराणिक स्वरूप के साथ छेड़छाड़ कर रही है। आज यहां उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केदारनाथ धाम का अपना एक ऐतिहासिक व धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा इतिहास है जिसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ किसी को भी नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि द्वापर युग व आदि गुरु शंकराचार्य के समय से चली आ रही परंपराओं को कैसे किसी सरकार या किसी राजनैतिक पार्टी की महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नष्ट भ्रष्ट करने की अनुमति दी जा सकती है। इस दौरान धस्माना ने कहा कि दिन रात सनातन धर्म व हिन्दू संस्कृति का राग अलापने वाली पार्टी की सरकार के संरक्षण में ही अब सनातन व हिन्दू मान्यताओं के विरुद्ध अधर्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि वेदों पुराणों में पांच बद्री पांच केदार व पांच प्रयाग हैं तो ये कौन लोग हैं जो छठे केदार की स्थापना करने जा रहे हैं। धस्माना ने कहा कि पुराणों में पांच केदारों में केदारनाथ में भगवान भोलेनाथ की कूब, मद्महेश्वर में भगवान शिव की नाभि, तुंगनाथ में भगवान के हाथ, रुद्रनाथ में भगवान का चेहरा व कल्पनाथ में भगवान शिव का सिर व जताएं हैं। इस अवसर पर धस्माना ने कहा कि केदारनाथ धाम के नाम से अब यह छठा मंदिर पूरी तरह से शास्त्र व धर्म विरुद्ध है ऐसा मत ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का भी है। उन्होंने कहा कि अब जन विरोध होने पर सरकार भाजपा व इस निर्माण से जुड़े केदारनाथ धाम ट्रस्ट के लोग यह सफाई देते फिर रहे हैं कि दिल्ली में केदारनाथ धाम नहीं बल्कि केदारनाथ जी का मंदिर बन रहा है।