अलकनंदा में गिरा टेंपो ट्रैवलर, सीएम धामी ने जताया दुख, दिए जांच के आदेश
चार धाम यात्रा मार्ग पर एक बड़ी दुर्घटना प्रकाश में आई है जिसमें एक टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में गिर गया जिसे उसने सवार नौ यात्रियों की मृत्यु हो गई व एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख प्रकट किया है और जांच करने के आदेश दिए हैं। वाहन में 26 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। राहत दलों द्वारा 12 का रेस्क्यू किया गया है।
जानकारी मिली है कि टेंपो ट्रैवलर में 26 यात्री सवार थे। घायलों को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर ले जाया जा रहा है। रेस्क्यू हेतु गुप्तकाशी से हेलिकॉप्टर रुद्रप्रयाग पहुंचा। चार घायलों को हेलिकॉप्टर से एम्स ले जाया गया है।
दुर्घटना रुद्रप्रयाग शहर से पांच किलोमीटर आगे बदरीनाथ हाईवे पर रैतोली के पास एक टेंपो ट्रेवलर अलकनंदा नदी में गिरने से हुई, जिसके बाद पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन, डीडीआरएफ समेत अन्य टीम मौके पर रेस्क्यू के लिए पहुंची। दुर्घटना के दौरान ही यहां रेलवे लाइन पर काम कर रहे तीन लोग बचाने के लिए कूदे, जिनमें से एक की मौत हो गई।
इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है। सीएम धामी द्वारा ज़िलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।