देहरादून ,
हरिद्वार संसदीय क्षेत्र से सिटिंग सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डाक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में को विकास हुआ है उसे अंतिम छोर के व्यक्ति ने महसूस किया है। यहां हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में बनाये गये मीडिया सेंटर में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि 2013 से पहले पूरी दुनिया में देश की छवि भ्रष्टाचार की थी, 2013 में देश अपंग और अपाहिज था, उन्होंने कहा कि लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में देश को जनता ने गुजरात मॉडल से प्रभावित होकर भारी बहुमत से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और 2014 के बाद देश में जो काम 60 सालों में नहीं हुआ वह 10 सालों में हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जो भारत दिखता था आज उससे अलग विकसित भारत दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक हवाई चप्पल पहनने वाले व्यक्ति को हवाई जहाज की यात्रा कराई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गौचर हवाई पट्टी, जौलीग्रांट एयरपोर्ट का विकास हो रहा है और चारधाम यात्रा के लिए सड़कों और मंदिरों में निर्माण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के राज में चार से पांच एम्स का निर्माण हुआ था लेकिन आज 23 एम्स बनाए गए हैं।
