यूपीसीएल ने डेढ़ वर्ष पूर्व ही पूरा किया 40 हजार सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य, पीएम की ‘सूर्य-घर मुफ्त बिजली योजना’ को नई गति

देहरादून ,

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा से जोड़ने के संकल्प को साकार करते हुए, उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।

ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यूपीसीएल को मार्च 2027 तक 40,000 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन निगम ने अपने अथक प्रयासों और उपभोक्ताओं के सहयोग से यह लक्ष्य लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही अगस्त 2025 में हासिल कर लिया। वर्तमान में प्रदेशभर में 42,000 से अधिक संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता लगभग 156 मेगावाट है।

इस अभियान के नोडल अधिकारी मुख्य अभियंता श्री आशीष अरोड़ा रहे।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा —

यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के प्रेरणादायी नेतृत्व और प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के सतत् मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना ‘पीएम सूर्य-घर मुफ्त बिजली’ को प्रदेश के घर-घर तक पहुँचाना हमारे लिये गर्व का विषय है। हमने जो लक्ष्य मार्च 2027 तक प्राप्त करना था, उसे अगस्त 2025 में ही पूरा कर लिया है, जो यूपीसीएल परिवार की प्रतिबद्धता और उपभोक्ताओं के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी हम इसी उत्साह से कार्य कर उत्तराखण्ड को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाते रहेंगे।”

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा —

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विज़न ‘पीएम सूर्य-घर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत उत्तराखण्ड ने जिस तरह डेढ़ वर्ष पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया है, वह हम सभी के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि उत्तराखण्ड न केवल स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, बल्कि आने वाले समय में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण में भी अग्रणी राज्य बनेगा। मैं यूपीसीएल परिवार, ऊर्जा विभाग और प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देता हूँ। राज्य सरकार हर संभव सहयोग कर यह सुनिश्चित करेगी कि उत्तराखण्ड हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश को नई दिशा दे सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *