‘स्वास्थ्य महाकुंभ’ में सीएम धामी सहित सभी जनप्रतिनिधि होंगे सहभागी — डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून,

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के अंतर्गत वृहद स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के सभी सांसद, मंत्री एवं विधायकगण प्रतिभाग करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिविरों में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, निःक्षय मित्र पहल, रक्तदान तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 17 सितम्बर को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून से आयोजित मेगा हेल्थ कैम्प के साथ इस ‘स्वास्थ्य महाकुंभ’ का शुभारम्भ होगा। इसी दिन से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, जिला व उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एक साथ स्वास्थ्य शिविर शुरू हो जाएंगे।

डॉ. रावत ने कहा कि शिविरों में प्रभारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, मेयरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर निकाय अध्यक्षों व ब्लॉक प्रमुखों सहित सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

  • दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

  • उप जिला चिकित्सालय, ऋषिकेश — हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत

  • उप जिला चिकित्सालय, हल्द्वानी — नैनीताल सांसद अजय भट्ट

  • सीएचसी थौलादेवी, अल्मोड़ा — केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा

  • जिला चिकित्सालय, रुद्रप्रयाग — पौड़ी सांसद अनिल बलूनी

  • सीएचसी रायपुर — राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट

  • भूपतवाला — राज्यसभा सांसद नरेश बंसल

  • रूड़की — राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी

अन्य मंत्री और विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में प्रतिभाग करेंगे।

डॉ. रावत ने कहा कि शिविरों में आम लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही यह पहल आम जनता में राजकीय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सकारात्मक धारणा विकसित करने में सहायक होगी।

जनपद स्तर पर जिलाधिकारी शिविरों की मॉनिटरिंग करेंगे, जबकि प्रदेश स्तर पर स्वास्थ्य सचिव सहित विभागीय उच्च अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। विभागीय अधिकारियों को शिविरों के भव्य व सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *