देहरादून के राजपुर रोड स्थित मॉल में युवक की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वीआईपी माने जाने वाले राजपुर रोड स्थित Silver City Mall के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान उधमसिंह नगर निवासी रेत-बजरी कारोबारी विक्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

राजधानी में पिछले 15 दिनों में यह हत्या की पांचवीं घटना बताई जा रही है, जिससे शहर में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।

कांग्रेस नेता पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला।

धस्माना ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और देहरादून “क्राइम कैपिटल” बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पलटन बाजार में युवती की हत्या और प्रेस क्लब के बाहर तिब्बती मार्केट में शहीद कर्नल के पुत्र की हत्या जैसी घटनाओं से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि अब राजपुर रोड पर दिनदहाड़े यह वारदात हो गई।

सरकार से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है और सरकार का पुलिस महकमे पर नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त है।

प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ध्वस्त कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के लिए सरकार जिम्मेदार है और उसे नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही उन्होंने राज्य में राज्यपाल शासन लागू कर पुनः विधानसभा चुनाव कराने की मांग भी की।

पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है और हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *