मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजनान्तर्गत महिला समूहों को विपणन के समुचित अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश

देहरादून ,

अपर मुख्य सचिव राधा रतूडी ने राज्य के समस्त जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों से मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अन्तर्गत महिला समूहों को विपणन के समुचित अवसर उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के अन्तर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को समुचित बाजार उपलब्ध कराए जाने के दृष्टिगत बार-बार यह अनुरोध किया जाता रहा है कि यथासम्भव ऐसे स्थानीय उत्पादों को प्रयोग में लाया जाए और इन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक होने पर अभिनव प्रयास भी किए जाएं। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि विभिन्न माध्यमों से यह संज्ञान में आया है कि आगामी रक्षाबन्धन के पावन पर्व के लिए राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में महिला समूहों द्वारा चीड़ की पत्तियों आदि से रक्षा सूत्र निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अन्तर्गत व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाना है। उन्होंने पत्र के माध्यम से इस सम्बन्ध में यह अपेक्षा की गई है कि रक्षाबन्धन के शुभ अवसर पर ऐसे प्रयास किए जाएं कि भाईयों-बहनों द्वारा की जाने वाली खरीदारी में स्थानीय उत्पादों की मांग को भी उचित स्थान प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *