मुख्यमंत्री धामी ने जन्मदिवस को सेवा और सादगी को समर्पित करने का लिया निर्णय – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी ने जन्मदिवस को सेवा और सादगी को समर्पित करने का लिया निर्णय

आपदा प्रभावितों की मदद और जनसेवा में बिताएंगे समय

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि वे अपने जन्मदिवस 16 सितंबर को किसी प्रकार का उत्सव या औपचारिक कार्यक्रम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह दिन वे सादगी और समाजसेवा को समर्पित करेंगे।

सीएम धामी ने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसर को समाज और जरूरतमंदों की सेवा में लगाना ही सच्चे अर्थों में उत्सव होता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर वे राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए समय देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में हालिया आपदा से प्रभावित परिवार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर छोटा प्रयास भी पीड़ित परिवारों के लिए संबल और आशा बन सकता है।

सीएम धामी ने लोगों से अपील की कि वे इस दिन स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा सहयोग और आपदा राहत जैसे कार्यों में भाग लें। उन्होंने कहा कि सेवा और त्याग की भावना ही उत्तराखंड की असली पहचान है, और यदि हर नागरिक इसी सोच के साथ कार्य करे तो राज्य को हर क्षेत्र में मजबूती और नई ऊर्जा मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *