मुख्यमंत्री धामी बोले—भू माफियाओं पर हो कड़ा प्रहार
देहरादून ,
पछुवा दून क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी हाल में सरकारी भूमि को खुर्दबुर्द नहीं होने दिया जाएगा और भू माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी ने बताया कि नदी की भूमि, भूमिधारी भूमि, ग्राम समाज की भूमि और कब्रिस्तान जैसी विभिन्न श्रेणी की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें और दोषियों को बख्शा न जाए।
सूत्रों के अनुसार, कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सरकारी भूमि को खुर्दबुर्द किए जाने की शिकायतें सीएम कार्यालय तक पहुंची थीं। शंकरपुर हुकूमतपुर क्षेत्र में खसरा संख्या 3288 के अंतर्गत करीब 53 खातों की भूमिधारी, नदी, ग्राम समाज और कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जों की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने मौके पर जाकर जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवा दिया।
एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही शेष अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे।
खबर है कि पछुवा दून के कई गांवों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कराने में कुछ ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और तहसील कर्मियों की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के अधिकारी भी यदि इसमें लिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने ऐसे अतिक्रमणों को हटाने के लिए एक एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) भी जारी कर दी है। धामी ने कहा कि अतिक्रमण करने और करवाने वालों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।