सरकार से केदारनाथ पैदल मार्ग स्थित संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करने की मांग

ऐसे स्थानों से दुकान आदि दूसरे स्थानों में शिफ्ट किया जाएः कांग्रेस
देहरादून ,

महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लालचंद शर्मा ने प्रदेश सरकार से केदारनाथ पैदल मार्ग स्थित संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करने और ऐसे स्थानों से दुकान आदि दूसरे स्थानों में शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हर साल केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसे हो रहे हैं, लेकिन सरकार सोई पड़ी है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों की सुरक्षा पर राज्य सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। इस अवसर पर लालचंद शर्मा ने कहा कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर बार बार भूस्खलन हो रहा है। सरकार बड़े बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन धरातल पर ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीती चार अगस्त की आधी रात के दौरान गौरीकुंड में डाक पुलिया के पास पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आने से दो दुकान और एक खोखा मंदाकिनी नदी में समा गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 17 लोग लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को भूस्खलन की दृष्टि से ऐसे संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे स्थलों पर कोई दुकान या मकान हैं तो उन्हें अन्यत्र शिफ्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा केदारनाथ पैदल मार्ग भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते छह वर्षों में पैदल मार्ग पर यात्रा के दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से 16 यात्रियों की मौत हो चुकी है। इस दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि भूस्खलन को रोकने के लिए ठोस उपाय या तकनीकी का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ताकि हम बाहर से आने वाले यात्रियों को यह संदेश दे सकें कि केदारनाथ यात्रा सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यहां किसी तरह का खतरा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *