कोर्ट कैंटीन में लाइसेंस व मेडिकल फिटनेस दस्तावेज नहीं मिले, मिठाई की दुकानों को निर्माण और अवसान तिथि अंकित करने के निर्देश
पनीर, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच में अधोमानक, कारोबारियों को भेजे गए नोटिस
देहरादून ,
आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में निरीक्षण और जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र, नेहरू कॉलोनी, ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी, भानियावाला और विकासनगर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, पेयजल की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और साफ-सफाई की व्यवस्था की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
कोर्ट कैंटीन में नहीं मिले जरूरी दस्तावेज
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने देहरादून स्थित कोर्ट परिसर की खाद्य कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर खाद्य लाइसेंस, पेयजल की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इस पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालान, अन्य को नोटिस
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान स्वाद पंजाब ढाबा और अंगीठी मोमोज में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की गई।
वहीं, नेगी जी कुरकुरे हाट और अंगीठी बाय गौरव में पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि लिखना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। राहुल स्वीट्स, चंचल स्वीट्स और आहूजा स्वीट्स को मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए।
विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उपयोग की अवधि के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि खाद्य पदार्थों की बिक्री में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विभागीय निर्देशों के अनुसार, नोटिस जारी किए गए संबंधित कारोबारियों को अगले आदेश तक खाद्य पदार्थों का निर्माण नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ऋषिकेश, डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच
अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने भानियावाला, रानीपोखरी, डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में मिठाई की दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कारोबारियों को मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित करने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
विभागीय टीमों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के प्रति जिम्मेदार रहने को कहा।
पनीर, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने अधोमानक
खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच में अधोमानक पाए जाने के मामलों में भी विभाग ने कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि जांच में निम्नलिखित पांच नमूने अधोमानक पाए गए हैं:
- पनीर लूज — आईटी पार्क।
- पनीर लूज — विकासनगर।
- गाय का दूध — सीमाद्वार।
- सिंघाड़े का आटा — नेहरू कॉलोनी।
- नट फ्लोर — नेहरू कॉलोनी।
इन मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 46(4) के तहत नोटिस भेजे गए हैं।
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह और विकासनगर के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।
सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने कहा कि आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य नमूनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
