त्योहारों पर पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो-एंट्री, अतिक्रमण पर चलेगा अभियान – uttarakhandawaaz.in

त्योहारों पर पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो-एंट्री, अतिक्रमण पर चलेगा अभियान

देहरादून में भीड़ प्रबंधन और जनसुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, रेहड़ी-ठेली और दुकानों के बाहर अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

एडीएम केके मिश्रा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, व्यापारियों से लोडिंग-अनलोडिंग निर्धारित समय में करने की अपील

देहरादून,

त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शहर के प्रमुख और व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर रेहड़ी-ठेली सहित सभी प्रकार के अवरोधों पर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने त्योहारी सीजन में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर चर्चा की।

पल्टन बाजार में सात घंटे वाहनों की नो-एंट्री

एडीएम केके मिश्रा ने निर्देश दिए कि पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने की व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने से यातायात प्रबंधन और पैदल चलने वालों की सुरक्षा महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद ही किया जाए। इससे बाजार में भीड़ के बीच वाहनों का दबाव कम करने और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अतिक्रमण पर प्रशासन का एक्शन, रेहड़ी-ठेली भी कार्रवाई के दायरे में

प्रशासन ने पल्टन बाजार सहित शहर के अन्य प्रमुख और व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली और अन्य अवरोधों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एडीएम ने पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाजारों में नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार संयुक्त अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजारों में पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो।

व्यापारियों से सहयोग की अपील

एडीएम केके मिश्रा ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से त्योहारी सीजन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें और आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को अवरोधमुक्त बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में सफलता मिलेगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड उत्तराखंड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन तथा उपाध्यक्ष हरीश विरमानी सहित पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *