बजट 2026–27 से देश और राज्यों के विकास को मिलेगी नई दिशा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना करते हुए इसे देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ सभी वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करने वाला है और सबका साथ, सबका विकास की भावना को सशक्त करता है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, वंचित वर्गों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े तबकों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

रोजगार, शिक्षा और अवसंरचना को बढ़ावा

सीएम धामी ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू–कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल की गई है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस किया है, जो राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए बजट प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

केंद्र के साथ मिलकर होगा प्रभावी क्रियान्वयन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *