डीएम डॉ. आशीष चौहान ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ पहुंचाने पर जोर
देहरादून ,
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान जनपद के बुक्सा जनजाति बहुल गांवों को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन गांवों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष शिविरों के माध्यम से वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं से वंचित सभी पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया जाए और उन्हें तत्काल योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीणों को उज्ज्वला योजना और अंत्योदय योजना के तहत राशन कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में आय, जाति, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
सीएसआर फंड से विकसित होंगी मूलभूत सुविधाएं
बैठक में जिलाधिकारी ने गेल कंपनी के माध्यम से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के तहत बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, सब-डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर डॉ. उदय एन. उनियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
