दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि यूनिवर्सिटी के मेस-किचन में मिलीं गंभीर खामियां, एफडीए ने बंद रखने के दिए निर्देश – uttarakhandawaaz.in

दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि यूनिवर्सिटी के मेस-किचन में मिलीं गंभीर खामियां, एफडीए ने बंद रखने के दिए निर्देश

देहरादून ,

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने बुधवार को देहरादून और पछवादून क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों के मेस एवं कैफेटेरिया में छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज (जीडीएमसी) और देवभूमि यूनिवर्सिटी के भोजनालयों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर सुधार होने तक भोजनालय बंद रखने के निर्देश दिए गए।

दून मेडिकल कॉलेज के मेस में मिले कॉकरोच, खाद्य लाइसेंस भी नहीं

सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त (देहरादून) मनीष सयाना के नेतृत्व में टीम ने दून मेडिकल कॉलेज के बॉयज मेस, गर्ल्स मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट, खाद्य पदार्थों से संबंधित जरूरी दस्तावेज और पेस्ट कंट्रोल के रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले।

गर्ल्स हॉस्टल के मेस के स्टोररूम में जंग लगी अलमारियां मिलीं। जांच के दौरान जीवित कॉकरोच भी पाए गए। वहीं, खिड़कियों और किचन के दरवाजों पर जाली नहीं होने से मक्खियों और अन्य कीटों के प्रवेश की आशंका सामने आई। निरीक्षण के दौरान कैटरर का वैध खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला।

हल्दी, दही, छोले और दाल के नमूने जांच के लिए भेजे

एफडीए की टीम ने मेस से खुली हल्दी, दही और तैयार छोले के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे। दून मेडिकल कॉलेज के कैफेटेरिया की रसोई में भी कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। संदेह के आधार पर तैयार दाल और डिलिशियस फैट स्प्रेड के नमूने भी लिए गए।

देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन में भी मिलीं अनियमितताएं

पछवादून क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में टीम ने देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन का निरीक्षण किया। यहां भी खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिलीं।

टीम ने दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, तैयार अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने एकत्र किए। इसके अलावा नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

कुल 10 खाद्य नमूने प्रयोगशाला भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

एफडीए की टीम ने छापेमारी के दौरान कुल 10 खाद्य नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि मंगलवार को देहरादून के दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में भी निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की निगरानी बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *