देहरादून में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, आशारोड़ी से मोहब्बेवाला तक 58 साइन बोर्ड समेत 3,000 मीटर से अधिक सुरक्षा उपाय – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, आशारोड़ी से मोहब्बेवाला तक 58 साइन बोर्ड समेत 3,000 मीटर से अधिक सुरक्षा उपाय

92 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 46 अधिकारियों की तैनाती, दो दिन में देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट

देहरादून,

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, सड़क सुरक्षा साइनेज, खराब स्ट्रीट एवं ट्रैफिक लाइटों की मरम्मत, मसूरी में रेस ड्राइविंग पर कार्रवाई तथा मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

आशारोड़ी क्षेत्र में 3,000 मीटर से अधिक सुरक्षा उपाय

डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां स्पष्ट एवं प्रभावी जागरूकता साइनेज और अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता से स्थापित करने के निर्देश दिए। आशारोड़ी टनल सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 58 साइन बोर्ड, 485 मीटर रंबल स्ट्रिप्स, 1,880 मीटर मीडियन मार्कर और 500 मीटर सोलर स्टड्स स्थापित किए जा चुके हैं।

इन उपायों का उद्देश्य वाहन चालकों को संभावित खतरों के प्रति समय रहते सचेत करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

खराब स्ट्रीट और ट्रैफिक लाइट तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट एवं ट्रैफिक लाइटों का संज्ञान लेते हुए स्मार्ट सिटी के माध्यम से उनका तत्काल मेंटिनेंस कराकर ऑपरेशनल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए लाइटों की मरम्मत एवं रखरखाव में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मसूरी में रेस ड्राइविंग पर होगी प्रभावी कार्रवाई

बैठक में मसूरी क्षेत्र में रेस ड्राइविंग की घटनाओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अधिक यातायात वाले मार्गों पर निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया।

92 सड़कों की स्थिति जांचेंगे 46 अधिकारी

नगर निगम देहरादून क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं गड्ढों की स्थिति का जायजा लेने के लिए 46 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी अपने-अपने आवंटित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और आवश्यक मरम्मत कार्यों को चिन्हित करेंगे।

निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति की फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण निर्धारित अवधि में पूरा कर दो दिवस के भीतर रिपोर्ट जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है। सुरक्षित सड़क संरचना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, प्रभावी निगरानी और समयबद्ध मरम्मत भी सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र ज्वांठा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओमपाल सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक यादव एवं भृगु द्विवेदी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित एनएच, एनएचएआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *