टिहरी में 2012 सक्रिय आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या ने तैयारियों की समीक्षा की – uttarakhandawaaz.in

टिहरी में 2012 सक्रिय आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या ने तैयारियों की समीक्षा की

टिहरी गढ़वाल ,

जनपद टिहरी गढ़वाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

2012 सक्रिय आंगनबाड़ी केंद्रों में होंगे कार्यक्रम

समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें से 2012 केंद्र सक्रिय हैं। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन सभी ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी प्रकार का व्यवधान न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

महिलाओं को योजनाओं की जानकारी, बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी जाएगी।

मंत्री ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यक्रम की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए।

आयोजन के दौरान लाभार्थी अपने अनुभव भी साझा करेंगे। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उठाया मानदेय बढ़ाने का मुद्दा

समीक्षा बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंत्री रेखा आर्या के समक्ष मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने उनकी मांग को जल्द कैबिनेट के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते वह आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं और चुनौतियों को भलीभांति समझती हैं।

बैठक में ये अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, डीडीओ मो. असलम, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *