देहरादून ,
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को श्री दरबार साहिब में मत्था टेका और सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार का 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित होने का मुद्दा भी उठा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार बकाया भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था कर रही है और जल्द ही अस्पताल को लंबित राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें श्री दरबार साहिब का स्मृति चिह्न भेंट किया।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने श्री गुरु राम राय ग्रुप के संस्थानों के कार्यों की सराहना करते हुए विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के सफल संचालन में अस्पताल की भूमिका की सराहना करते हुए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को बधाई दी।
वहीं, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के तहत संचालित स्कूलों में दी जा रही शिक्षा और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही उच्च शिक्षा के बारे में स्वास्थ्य मंत्री को जानकारी दी।
इस दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्री गुरु राम राय ग्रुप के योगदान पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय मानवता की सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में इसी तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।