एसजीआरआरयू में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य दीक्षारंभ, रेन डांस बना आकर्षण

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 17 से 19 अगस्त तक चले कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।

दीक्षारंभ के अंतिम दिन श्री गुरु राम राय हैलीपैड ग्राउंड में डीजे बीट्स, रेन डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने युवाओं में खासा उत्साह भरा। बॉलीवुड, पंजाबी, गढ़वाली, भोजपुरी और नेपाली गीतों पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया। हाई-वोल्टेज साउंड, आकर्षक सजावट और प्राकृतिक वातावरण ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

रेन डांस रहा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रेन डांस रहा। बारिश की फुहारों के बीच तेज संगीत पर छात्र-छात्राओं ने जमकर डांस किया। संगीत, पानी की फुहारों और युवाओं के उत्साह से पूरा हैलीपैड ग्राउंड जीवंत नजर आया। विद्यार्थियों ने रेन डांस का भरपूर आनंद लेते हुए दीक्षारंभ के अंतिम दिन को यादगार बनाया।

विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह चरित्र निर्माण और समाज सेवा के लिए प्रेरित करे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन और कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने संयुक्त रूप से किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रत्येक विद्यार्थी के लिए नई यात्रा, नए सपनों और नए संकल्पों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र की प्रगति में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मनोरोग विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. शोभित गर्ग ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन और पढ़ाई के दौरान मानसिक दबाव से बचने के उपयोगी सुझाव दिए। वहीं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित 17 मिनट की वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों से परिचित कराया गया।

दीक्षारंभ में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बॉलीवुड, गढ़वाली, पंजाबी, भोजपुरी और नेपाली गीत-संगीत ने कार्यक्रम में रंग जमा दिया। डॉ. कंचन नेगी ने प्रेरणादायक व्याख्यान दिया, जबकि डॉ. जी. गणराजन ने विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का अभिभाषण पढ़कर सुनाया।

कार्यक्रम का समापन दीक्षारंभ की संयोजिका प्रोफेसर डॉ. मालविका कांडपाल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *