THDC टनल हादसा: CM धामी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल श्रमिकों का जाना हाल, बोले- हर श्रमिक की जाहद कीमती

चमोली,

 मायापुर (पीपलकोटी) स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वह जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग राहत एवं बचाव कार्य में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं वार्ता की है। उन्होंने यह भी बताया कि टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *