देहरादून ,
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के कुल 168 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, विशिष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 154 पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, डिस्क-सिल्वर एवं प्रशस्ति पत्र तथा 14 कार्मिकों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 14 पुलिस कार्मिकों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें 8 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर तथा 6 को विशिष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यासीन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र शामिल हैं।
विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल, एलआईयू देहरादून और स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार, टिहरी गढ़वाल को मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा। इनके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम थाना देहरादून शान्तनु पराशर तथा पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को भी यह सम्मान मिलेगा।
वहीं, पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार 154 पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, डिस्क-सिल्वर और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इनमें सेवा के आधार पर तथा विशिष्ट कार्य के लिए चयनित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। इससे समस्त पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।