सहसपुर में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न, 947 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून,

सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहसपुर में 15 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय वृहद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान क्षेत्र के 947 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर का शुभारंभ 15 जुलाई को क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। विधायक ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।

शिविर में फिजिशियन, सर्जरी, अस्थि रोग, नेत्र रोग, ईएनटी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना, एबीएचए, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत भी लोगों को लाभान्वित किया गया।

तीन दिनों के दौरान कुल 947 मरीजों (423 पुरुष एवं 524 महिलाएं) का पंजीकरण किया गया। शिविर में 208 मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 41 एएनसी जांच, 421 टीबी स्क्रीनिंग, 151 किशोर-किशोरियों की आरकेएसके स्क्रीनिंग तथा एक आयुष्मान कार्ड बनाया गया। प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित 369 विभिन्न जांचें की गईं।

विशेषज्ञ विभागों में फिजिशियन विभाग में 335, सर्जरी विभाग में 268, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 181, नेत्र रोग विभाग में 45, अस्थि रोग विभाग में 44 तथा ईएनटी विभाग में 17 मरीजों का उपचार किया गया। एक्स-रे विभाग में कुल 127 एक्स-रे किए गए, जिनमें 64 टीबी संबंधी तथा 63 अन्य एक्स-रे शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 25 बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया गया।

शिविर में उपजिला चिकित्सालय विकासनगर से फिजिशियन डॉ. मुकेश सुन्द्रियाल, सर्जन डॉ. ए.के. टम्टा एवं डॉ. मयंक, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा मेहरोत्रा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विक्रम सयाना तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना कोठियाल ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर ने बताया कि इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे अधिक से अधिक लोग समय पर जांच और उपचार का लाभ उठा सकें।

One thought on “सहसपुर में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न, 947 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *