देहरादून ,
लोक पर्व हरेला एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत गुरुवार को टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने वन विभाग की नर्सरी एवं रायपुर विधानसभा क्षेत्र के मालदेवता में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी नागरिक जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करें तथा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। क्षेत्र के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।