देहरादून रायपुर फायरिंग कांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में चली गोलियां, 3 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

देहरादून ,

देहरादून पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोलीबारी की यह वारदात बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुए पुराने विवाद और रंजिश का नतीजा थी। इस घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को दिवाकर खंडूड़ी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन-चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में नवीन राणा के कंधे तथा वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच में पता चला कि घायल कमेंद्र शर्मा और बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी आधार पर पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और 5 जुलाई 2026 को थानो रोड स्थित सोढ़ा सरोली क्षेत्र से घटना में शामिल अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान का बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेंद्र शर्मा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी।

आरोपियों ने कमेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय (निवासी गुरुग्राम) को लगातार फोन कर धमकियां और गाली-गलौज की। इसकी जानकारी मिलने पर कमेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ देहरादून के 6 नंबर पुलिया क्षेत्र पहुंचा, जहां अक्षय प्रधान और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर फायरिंग हुई, जिसमें कमेंद्र शर्मा के पैर और नवीन राणा के कंधे में गोली लग गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *