मुख्यमंत्री धामी के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उत्तरकाशी में विशेष पूजा-अर्चना, प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की हुई कामना – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उत्तरकाशी में विशेष पूजा-अर्चना, प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की हुई कामना

उत्तरकाशी ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य सेवक के रूप में पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन के साथ-साथ उत्तराखंड की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक, माँ शक्ति का पाठ तथा हवन-पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने पिछले पाँच वर्षों में सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने, सख्त नकलरोधी कानून, भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रणाली, निवेश और आधारभूत संरचना के विस्तार, मातृशक्ति के सशक्तिकरण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे निर्णयों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *