EWS परिवारों को धामी सरकार की सौगात, रुद्रपुर बागवाला में 1872 परिवारों को मिलेगा सस्ता पक्का घर

देहरादून/रुद्रपुर:

उत्तराखंड सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित बागवाला में बनाए गए 1872 फ्लैटों का जल्द आवंटन किया जाएगा। करीब 6 लाख रुपये लागत वाले इन आवासों को पात्र लाभार्थियों को मात्र 3 लाख रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। शेष राशि केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के माध्यम से वहन की जाएगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बागवाला में 39,220 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक तैयार किए गए हैं। इनमें से 832 फ्लैट पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 500 से अधिक आवासों का निर्माण अंतिम चरण में है। परियोजना के बाकी कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे फ्लैट

प्रत्येक फ्लैट में एक शयनकक्ष, बैठक कक्ष, रसोईघर, स्नानघर, शौचालय और बरामदा उपलब्ध कराया गया है। सभी भवनों का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से किया गया है।

आवासीय परिसर में वर्षा जल संचयन, सीवरेज सिस्टम, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं।

यह परिसर मुख्य बाजार से लगभग 3 किलोमीटर, बस स्टेशन से 5 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

ऐसे होगा आवास का आवंटन

आवास पाने के लिए पात्र लाभार्थियों को आवेदन के समय 5,000 रुपये जमा करने होंगे। शेष राशि के लिए बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

लाभार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

पात्रता की शर्तें

योजना का लाभ लेने के लिए:

  • आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है।
  • आवेदक उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना चाहिए।
  • परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
  • आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए।

आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *