खटीमा ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय लोहियाहेड में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतों और मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी समाधान पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्यमंत्री फरजाना बेगम, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, महामंत्री रमेश जोशी, विवेक सक्सेना, अमित कुमार पांडे, रनदीप पोखरिया, नवीन पांडे, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का त्वरित समाधान कर लोगों को बेहतर प्रशासन और सुशासन उपलब्ध कराना है।