चर्चित हत्याकांड मामले में फंसाने की साजिश के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

देहरादून ,

उत्तराखंड के एक चर्चित एवं संवेदनशील हत्याकांड प्रकरण में कथित रूप से राजनीतिक साजिश और फर्जी ऑडियो-वीडियो के माध्यम से लोगों को फंसाने के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को कोतवाली डालनवाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर तथा अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र रचा।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि दोनों ने झूठे और मनगढ़ंत ऑडियो एवं वीडियो तैयार कर भाजपा और उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। साथ ही इन कथित ऑडियो-वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर प्रदेश में शांति व्यवस्था भंग करने तथा उपद्रव एवं दंगे जैसी स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत जांच की। इसके बाद 14 जून 2026 को पुलिस टीम ने सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत याचिका निरस्त कर दी गई। अदालत ने सुरेश राठौर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेजने के आदेश दिए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *