देहरादून ,
पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक सोहेल हारून की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के छोटे भाई शाहिद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मार दी है। घायल युवक सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून को परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के छोटे भाई शाहिद ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारकर फरार हो गए। घटना की जांच के लिए गठित पुलिस टीमों ने घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सामने आया कि घर के कैमरे चालू होने के बावजूद उनकी रिकॉर्डिंग डिलीट की गई थी। वहीं आसपास लगे कैमरों में घटना के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के कोई साक्ष्य नहीं मिले।
जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई। इसके संबंध में शाहिद कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसी ने अपने बड़े भाई सोहेल की गोली मारकर हत्या की थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़ी थी।
महंगे शौक और नशे की लत बने हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शाहिद नशे का आदी है और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर परिवार और बड़े भाई से पैसे मांगता था। उसकी गलत आदतों को लेकर सोहेल अक्सर उसे समझाता था और कई बार उसे डांट-फटकार के साथ मारपीट भी करनी पड़ती थी।
माता-पिता के हज यात्रा पर जाने के बाद सोहेल को पता चला कि शाहिद ने चोरी-छिपे पिता का एटीएम अपने कब्जे में लेकर खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे और उन्हें अपनी अय्याशी में खर्च कर दिया था। इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ और सोहेल ने शाहिद की पिटाई कर दी थी।
इसी घटना से नाराज होकर शाहिद ने अपने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, उसने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर उन्हें केवल लाइव मोड पर कर दिया था। 14 जून की रात उसने देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मारकर हत्या कर दी और हथियार को बाथरूम में छिपा दिया।
हाईवे जाम कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने गांव के लोगों और परिजनों को झूठी जानकारी देकर उकसाया और खुद को पीड़ित दिखाने के उद्देश्य से सोहेल के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हाईवे जाम करने और कानून व्यवस्था बाधित करने के आरोप में अलग से मुकदमा दर्ज किया है।
दून पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और त्वरित जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
