देहरादून में कूड़ा प्रबंधन को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को शॉर्ट और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना बनाने के निर्देश

देहरादून ,

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट से नगर निगम, नगर निकायों और कैंटोन्मेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कूड़ा निस्तारण के लिए अल्पकालिक (शॉर्ट टर्म) और दीर्घकालिक (लॉन्ग टर्म) कार्ययोजना तैयार कर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं ग्राउंड जीरो पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और कूड़ा प्रबंधन एवं निस्तारण के लिए व्यावहारिक योजनाएं तैयार करें।

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि कूड़ा उठान और निस्तारण कार्यों की माइक्रो स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए नियमित समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने सभी निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां नियमित रूप से कूड़ा डंप किया जाता है, और उनके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, जिला पंचायत तथा कैंटोन्मेंट बोर्डों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाएं तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक स्ट्रीट लाइट, यातायात सिग्नल, साइन बोर्ड, सड़क, नाली, कूड़ा एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की फोटो, लोकेशन और विवरण के साथ डीआईपीआर देहरादून के फेसबुक पेज पर टैग कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढोंडियाल सहित अन्य अधिकारी एनआईसी सभागार में उपस्थित रहे, जबकि नगर निगम, नगर निकायों, कैंटोन्मेंट बोर्डों और संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *