पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून स्थित आवास पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री धामी सहित कई वरिष्ठ नेता

देहरादून ,

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शुक्रवार को राजधानी देहरादून स्थित वसंत विहार आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

सभी नेताओं ने मेजर जनरल खंडूरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सादगी और जनसमर्पित जीवन को याद किया तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “जनरल साहब से पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनका कृतित्व सदैव उत्तराखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं।”

भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि “जनरल साहब की कार्यशैली अद्वितीय थी। संगठन और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

श्रद्धांजलि सभा के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य वरिष्ठ नेता मेजर जनरल खंडूरी के पुत्र मनीष खंडूरी के साथ भूमि पर बैठकर उनके दुख में सहभागी बने। नेताओं ने परिवार के साथ समय बिताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *