देहरादून ,
जनपद में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। खास बात यह रही कि यह रकम वाहन में बनाए गए एक सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी।
जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को कैंट पुलिस द्वारा राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो एन (MH12XT 3245) को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति जसवंत संघ बनाजी और सचिन पटेल भी वाहन में सवार थे।
वाहन चालक द्वारा दस्तावेजों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर आयकर विभाग की टीम को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की सीटों के बीच बनाए गए सीक्रेट केबिन से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।
बरामद धनराशि के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और इसे जसवंत नामक व्यक्ति को देना था। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर दिया है। इस कार्रवाई में कैंट पुलिस और आयकर विभाग की टीम संयुक्त रूप से शामिल रही।