देहरादून ,
देहरादून के श्री गुरु राम राय (SGRR) ग्रुप के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स मार्शल आर्ट (MMA) में खिताब अपने नाम कर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाया है।
हाल ही में नोएडा में आयोजित प्रतियोगिता में दिगम्बर ने इंडोनेशिया के खिलाड़ी अंगा को पराजित कर स्वर्णिम जीत हासिल की। 70 किलोग्राम वर्ग में उन्होंने 10 देशों के 28 खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
दिगम्बर के साथ उनके साथी और सहपाठी अमिन्दर सिंह बिष्ट ने भी अपनी प्रतिभा से राज्य को पहचान दिलाई है। दोनों खिलाड़ी पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
मंगलवार को दोनों खिलाड़ियों ने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर देवेन्द्र दास ने दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिगम्बर और अमिन्दर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल (कर्णप्रयाग और आदिबदरी) से प्राप्त की है और अब वे उच्च शिक्षा के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे हैं।
इस उपलब्धि से पूरे SGRR समूह में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ी भविष्य में Ultimate Fighting Championship (UFC) में खिताब जीतने का सपना देख रहे हैं और इसके लिए निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।