देहरादून ,
देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी परमेन्द्र डोबाल ने पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया है। इस कार्रवाई के तहत 50 से अधिक थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और उपनिरीक्षकों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल में कई अहम थानों के प्रभारी बदले गए हैं। प्रदीप रावत को राजपुर से सहसपुर, शंकर सिंह बिष्ट को सहसपुर से कैन्ट और कमल कुमार लुण्टी को कैन्ट से डोईवाला भेजा गया है। वहीं, परमेश्वर दत्त भट्ट को सेलाकुई से राजपुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा वसंत विहार, नेहरू कॉलोनी, डालनवाला, रायपुर, प्रेमनगर, विकासनगर और ऋषिकेश जैसे प्रमुख थाना क्षेत्रों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। कई चौकी प्रभारियों को भी इधर से उधर किया गया है, जिनमें आईएसबीटी, लालतप्पड़, नयागांव, कुल्हाल, मालदेवता, जोगीवाला और जाखन जैसी चौकियां शामिल हैं।
पुलिस लाइन से भी बड़ी संख्या में अधिकारियों को विभिन्न थानों और शाखाओं में तैनात किया गया है, जबकि कुछ को एसआईएस और एसओजी जैसी विशेष इकाइयों में भेजा गया है।
एसएसपी कार्यालय के अनुसार, यह फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, पुलिसिंग को मजबूत करने और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले हाल ही में शासन स्तर पर भी बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया था, जिसमें आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया था।