देहरादून ,
केदारनाथ मंदिर के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठा। इस वर्ष पहली पूजा नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।
इस पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने इस दिव्य क्षण को और भी अलौकिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।
चारधाम यात्रा को लेकर सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
फूलों से सजा धाम, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा
बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर से होते हुए गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड के रास्ते मंगलवार शाम धाम पहुंची थी। आज सुबह 5 बजे से कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई।
मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है, और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।