देहरादून ,
देहरादून के गांधी ग्राम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। इस दौरान कैंट क्षेत्र की विधायक सविता कपूर ने संस्थागत प्रसव को मां और शिशु की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
बुधवार को आयोजित इस शिविर में कुल 142 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 47 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (एंटीनैटल केयर) जांच, 4 नए पंजीकरण और 10 उच्च जोखिम गर्भवतियों की पहचान की गई। चिन्हित महिलाओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाएगी। शिविर में बच्चों की भी स्वास्थ्य जांच की गई तथा निःशुल्क दवाएं और रक्त जांच सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
विधायक सविता कपूर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी गर्भवती महिलाओं का प्रसव अस्पताल में ही कराया जाए, क्योंकि संस्थागत प्रसव से जटिलताओं को कम किया जा सकता है।
स्थानीय पार्षद मीनाक्षी मौर्य ने भी समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और घर पर प्रसव की परंपरा को समाप्त करने का संकल्प लिया।
शिविर में स्वास्थ्य अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर आगामी तीन महीनों में प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान करें और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।