हरिद्वार ,
हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र में हुए साधु हत्या कांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने नेपाल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक साधु की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब रोडीबेलवाला चौकी क्षेत्र में सूचना मिली कि दीनदयाल पार्किंग अंडरपास के पास एक साधु पर डंडे और पत्थर से हमला किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल साधु (उम्र लगभग 40-45 वर्ष) को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में अज्ञात होने के कारण पुलिस ने स्वयं वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस टीमों ने डिजिटल और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग पहुंची, जहां एक संदिग्ध को सोते हुए गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा (43 वर्ष), निवासी लुम्बिनी, नेपाल बताया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि पहले सोने की जगह को लेकर हुए विवाद के चलते वह बदला लेना चाहता था। घटना वाली रात नशे की हालत में उसने पहले बांस के डंडे और फिर पत्थर से साधु पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस पूरे मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।