हरिद्वार ,
पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार का दौरा कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी क्षमता से कार्य करें और तैयारियों को तय समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक संगठनों तथा साधु-संतों के सहयोग से कुंभ मेले का सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाई जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक स्वीकृतियां जल्द जारी करने की बात भी कही गई।
बैठक में मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के सुचारु संचालन के लिए इस परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।