देहरादून ,
देहरादून के चूना भट्ठा क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुरानी खंडहरनुमा इमारत के अंदर मिले शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। यह मामला रायपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है और आसपास के इलाके की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शव करीब तीन से चार दिन पुराना हो सकता है। फिलहाल मृत महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटनास्थल पर जया बलूनी (एसपी देहात), प्रमोद कुमार (एसपी सिटी) और प्रमेंद्र डोबाल (एसएसपी) पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजधानी में महिलाओं से जुड़े कई सनसनीखेज हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में पांच दिनों के भीतर तीन महिलाओं की हत्या की घटनाओं ने भी शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी। फिलहाल पुलिस इस नए मामले की जांच में जुटी हुई है।