पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम
देहरादून ,
शहर में प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देहरादून नगर निगम ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल की शुरुआत की। इस क्रम में नगर निगम देहरादून एवं मनसा फैसिलिटीज प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से नगर निगम परिसर के बाहर एक स्वचालित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन स्थापित की गई।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि प्लास्टिक बोतलों से उत्पन्न कचरा शहरी स्वच्छता और पर्यावरण के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से पूरे देहरादून शहर में लगभग 50 स्वचालित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए जाने की योजना बनाई गई है।
इन मशीनों के माध्यम से उपयोग की गई प्लास्टिक बोतलों को तुरंत क्रश कर उनके आयतन को कम किया जाएगा, जिससे उनके संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी हो सकेगी। इस पहल से सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक बोतलों के खुले में फेंके जाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उद्देश्यों को सशक्त करने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम सिद्ध होगी। भविष्य में इन मशीनों को बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, बस स्टैंड, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थापित किया जाएगा, ताकि प्लास्टिक कचरे का स्रोत पर ही प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
स्वचालित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन का उद्घाटन महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल (आईएएस) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रवीन कुमार (आईएएस), मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, राजवीर सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त एवं सफाई निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम देहरादून ने दोहराया कि वह सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की तकनीकी और नवाचार आधारित पहलों के माध्यम से शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।