एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर सख़्त प्रहार, प्रगति विहार में सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

बिना स्वीकृति निर्माण किसी भी सूरत में नहीं होंगे बर्दाश्त

देहरादून ,

मसूरी ,देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख़्त रुख अपनाते हुए सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रखी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति एवं नियमों के विपरीत किए गए किसी भी प्रकार के निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में देहरादून के प्रगति विहार क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रगति विहार लेन संख्या–06 में उपेन्द्र कुमार अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, इसी क्षेत्र में श्रेयष अग्रवाल द्वारा निर्मित अवैध टिन शैड को ध्वस्त किया गया। दोनों ही निर्माण एमडीडीए से बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे।

यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर की गई, जिसमें सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा तथा प्राधिकरण के सुपरवाइजर मौके पर उपस्थित रहे।

एमडीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य से पूर्व प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने दोहराया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं हैं। नियमों को ताक पर रखकर किए गए निर्माण न केवल शहर की व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि भविष्य में गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न करते हैं। एमडीडीए द्वारा नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

एमडीडीए ने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। शहर के सुनियोजित, सुरक्षित और अवैध निर्माण मुक्त विकास के लिए नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *