मुख्यमंत्री ने ‘लैब ऑन व्हील्स’ को किया फ्लैग ऑफ, छात्रों को मिलेगा एआई व इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से छात्र कौशल संवर्धन के उद्देश्य से लैब ऑन व्हील्स (इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड) को फ्लैग ऑफ किया। यह पहल राज्य के छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

लैब ऑन व्हील्स के माध्यम से छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) सहित अन्य उभरती तकनीकों में हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही विज्ञान विषय से जुड़े विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड के माध्यम से सीखने में भी छात्रों को सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मोबाइल लैब छात्रों को लर्निंग बाय डूइंग का बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड लैब ऑन व्हील्स आगामी पांच वर्षों तक राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्रों को जागरूक करेगी, उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी और वैश्विक संभावनाओं से जोड़ने का कार्य करेगी।

लैब ऑन व्हील्स राज्य में छात्रों के लिए हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण की कमी को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी। इसमें उपलब्ध प्रैक्टिकल और प्रशिक्षण सुविधाएं उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा विद्यालयी शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होंगी।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा इंफोसिस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *