सीएचसी रायपुर के चिकित्सालय भवन का निर्माण तय समय में पूर्ण करें: सीएमओ

देहरादून,
स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखण्ड डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशों के क्रम में बुधवार, 23 जनवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) रायपुर, देहरादून में स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने की।

बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत, वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, फार्मेसी अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में 24 घंटे ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने चिकित्सालय परिसर, प्रतीक्षा कक्ष एवं वार्डों में साफ-सफाई बनाए रखने, वार्डों में हीटर व गर्म पानी की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ बेडशीट उपलब्ध कराने तथा मरीजों के भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने आपात चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं का भी निरीक्षण किया।

बैठक के उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रायपुर में निर्माणाधीन 30 शैयायुक्त नवीन चिकित्सालय भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा भवन निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *